मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या का नाम सुनकर पिछली सरकार को हाई वोल्टेज करंट लगता था, मथुरा और काशी का तो वे नाम नहीं लेना चाहते थे। लेकिन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में हमारी सरकारों ने आस्था का पूरा मान सम्मान किया। हर तबकों को सभी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हम आस्था का पूरा सम्मान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज के पवित्र संगम में स्नान करने वाले नरेंद्र मोदी आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। यह पहला मौका है जब श्रद्धालुओं को अक्षयवट का दर्शन हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी ने पवित्र संगम में स्नान कर सफाई कमर्चारियों के चरण पखारे और 28 फरवरी को पाकिस्तान में घुसकर आतंक का सफाया भी किया।
ये मोदी हैं जो आस्था का पूरा मान सम्मान करते हैं और दुश्मनों के घर में तांडव भी करते हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैलाश मानसरोवर और सिन्धु दर्शन यात्रा करने वाले 20 लोगों को प्रतीकात्मक रूप से 1-1 लाख रुपए का चेक भेंट किए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, धर्मार्थ कार्य एवं संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री मोहसिन रजा, धर्मार्थ कार्य, सूचना एवं पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, कैलाश मानसरोवर सेवा समिति दिल्ली के अध्यक्ष उदय कोशिक, उत्तर प्रदेश के प्रधान केके सिंह आदि मौजूद थे।