लखनऊ। कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अलीगंज सेक्टर-जी स्थित मकान से चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी बटोर ले गए। चोर डीवीआर भी उठा ले गए। पूर्व डीजीपी की बहू डाॅ. ऋषिका राज ने अलीगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
ऋषिका के मुताबिक वह परिवार के साथ सेक्टर-जी स्थित मामा ससुर महेंद्र कुमार के मकान में रहती हैं। उनके पति डाॅ. नितिन कुमार श्रीवास्तव ओमान के सलाला में रहते हैं। दिवाली के पहले वह परिवार के साथ ओमान चली गई थीं। घर की देखरेख नौकर आकाश रावत कर रहा था। दिवाली के दिन वह भी घर चला गया। ऋषिका ने बताया कि 26 अक्तूबर को सुबह 6:30 बजे आकाश जब लौटा तो उसे मेन गेट का ताला टूटा मिला। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। उसने घटना की जानकारी पति को और उन्हें दी। कुछ देर में वह भी आ गईं। उन्होंने देखा कि सभी कमरों के ताले और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। उसमें रखे लाखों के जेवर और करीब तीन लाख रुपये गायब थे। डाॅ. ऋषिका ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इंस्पेक्टर अशोक सोनकर के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अफसरों के मकान भी सुरक्षित नहीं
हाल में ही चोरों ने नोएडा में तैनात डीसीपी व आईपीएस यमुना प्रसाद के विकासनगर सेक्टर-एक स्थित घर में लगी खिड़की की ग्रिल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। इसके अलावा मड़ियांव की साईं सिटी कॉलोनी में स्थित फतेहपुर में एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव के मकान को चोरों ने निशाना बनाया और नकदी और जेवर पार कर ले गए। वहीं, ठाकुरगंज के लालाबाग निवासी और झांसी में तैनात इंस्पेक्टर कुलदीप तिवारी के मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवर, छह घड़ियां और 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे।