लखनऊ। आशियाना के रुचिखंड में मकान का ताला तोड़कर और सुशांत गोल्फ सिटी में दिनदहाड़े चोरों ने लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान चुरा लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुचिखंड प्रथम निवासी किरन वर्मा के अनुसार, वह 23 जनवरी को परिवार के साथ वैष्णो देवी दर्शन के लिए गई थीं। वापसी पर उन्होंने घर का ताला टूटा पाया और पुलिस को सूचना दी। चोर उनके घर से 35 हजार रुपये, सोने की चेन, चार पायल, टीवी और बर्तन ले गए। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
दूसरी घटना सुशांत गोल्फ सिटी में हुई, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकान से चोरों ने नकदी और जेवर उड़ा लिए। पीड़ित आशीष कुमार तिवारी के अनुसार, 31 जनवरी की दोपहर पत्नी के छत पर जाने के दौरान चोर घर में घुस आए और मंगलसूत्र, बाली, झुमका, दो जोड़ी पायल और एक हजार रुपये चुरा ले गए। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि पुलिस की एक टीम चोरों की तलाश में लगी है।