बख्शी का तालाब। महिंगवा थाना के बाबूपुरवा गांव में बुधवार की रात चोरों ने पुलिस की सुस्त गश्त का फायदा उठाकर चार घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। यहां पर मनोहर के घर से चोरों ने लगभग आठ लाख कीमत के गहने और पीतल के बर्तन व 10 हजार रुपये पार कर दिए। इसी रात चोरों ने तीन अन्य घरों को भी निशाना बनाया, जहां से नकदी, गहने और बकरा चोरी कर ले गए।
नरोसा पंचायत के बाबूपुरवा गांव निवासी मनोहर के घर बुधवार की रात चोर छत के रास्ते से घुसे थे। मनोहर ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह हुई। सभी लोग घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने यहां पर लगभग पांच लाख रुपये कीमत के सोने व दो लाख रुपये कीमत की चांदी के गहने अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी कर लिए। बक्से में लगभग 50 किग्रा पीतल के बर्तन, जिनकी कीमत लगभग 40 हजार और 10 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बाकी कपड़े आदि निकालकर बाहर फेंक दिया। इसके बाद रमेश के घर से 25 सौ रुपये, पायल और सामान चोरी कर लिया। इसी गांव के रहने वाले सुकई के घर घुसे चोरों ने सबकुछ तहस-नहस कर दिया, लेकिन उनको वहां पर कुछ हाथ नहीं लगा। पीतांबर के घर में बंधे 30 हजार रुपये कीमत के दो बकरे चोर अपने साथ ले गए।
बृहस्पतिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिंगवा के अतरिक्त प्रभारी निरीक्षक मथुरा राय ने बताया कि पुलिस को संयुक्त शिकायती पत्र मिला है, जिसमें सभी घटनाओं की शिकायत है। इसकी जांच कर एफआईआर दर्ज की जा रही है। पीतांबर और रमेश दोनों भाई हैं, इनके बीच आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।
घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान।