चोरों ने इंदिरानगर में कृषि विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी व दो अन्य लोगों के मकानों से लाखों के जेवर व कीमती सामान चोरों ने पार कर दिए। पीड़ितों ने इंदिरानगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इंदिरानगर सेक्टर-13 निवासी हीरक भट्टाचार्या कृषि विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनके मुताबिक 24 गौतमबुद्ध नगर में बेटे के घर गए थे। चोर 15 अक्तूबर की रात 1:50 बजे उनके घर में दाखिल हुए और 3.50 लाख के जेवर व ढाई लाख रुपये ले गए। मोबाइल पर फुटेज देखने पर हीरक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। 16 अक्तूबर को घर लौटने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
उधर, इंदिरानगर के ही शिवाजीपुरम निवासी राम बली तिवारी के मुताबिक कुछ दिन पहले वह परिवार के साथ बाहर गए थे। 24 अक्तूबर को पड़ोसियों ने उन्हें कॉल कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। अगले दिन जब राम घर पहुंचे तो उन्हें कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। लॉकर में रखें 25 हजार रुपये, लाखों के जेवर और कीमती सामान गायब था।
वहीं, तकरोही में आनंद कुमार के मकान से चोरों ने 16 अक्तूबर की रात दो बजे 70 हजार रुपये और आभूषण चोरी कर लिए। चोर उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखे। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी के मुताबिक फुटेज के जरिये चोरों की तलाश की जा रही है।
पीजीआई के वृंदावन कॉलोनी में रहने वाले दंपती अरुण कुमार और रेनू श्रीवास्तव के घर में एक बार फिर चोरों ने धावा बोला। भाई दूज की रात करीब 1:20 बजे घर के गेट का ताला तोड़कर महत्वपूर्ण दस्तावेज व कीमती सामान उठा ले गए। पीड़ित की शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अरुण कुमार नवोदय विद्यालय में कार्यरत हैं जबकि उनकी पत्नी रेनू श्रीवास्तव शिक्षिका हैं। दंपती के मुताबिक, साल 2020 से अब तक यह चौथी चोरी है। पहली वारदात 2020 में हुई थी, जिसमें कीमती सामान चोरी हुआ, लेकिन पुलिस की जांच बेनतीजा रही।
इसके बाद 2021 में दिवाली के दिन घर से बच्चों की नई साइकिल चोरी हो गई। फिर 9 अगस्त 2025 की रात चोरों ने दोबारा घर में घुसने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षा के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। इसके बावजूद, 23 अक्तूबर 2025 की रात चोरों ने न सिर्फ ताले तोड़े बल्कि सीसीटीवी कैमरे और पूरा रिकॉर्डिंग सिस्टम तक उठा ले गए।