काकोरी के चक परेवा गांव में चोर घर से ले गए नकदी व जेवरात।
लखनऊ। काकोरी के चक परेवा गांव में रविवार देर रात चोरों ने घर से पांच लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद पार कर दिए। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन दो दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
चक परेवा गांव निवासी किसान लालाराम रावत ने बताया कि परिवार के सभी लोग सोने चले गए थे। देर रात मकान के पीछे से छत पर चढ़कर अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया। उन्होंने बक्से और अलमारी का लॉकर तोड़कर पत्नी और बहू नीतू के जेवरात और बैंक से निकाले गए एक लाख रुपये चोरी कर लिए। किसान के बेटे विनोद रावत ने बताया कि पुलिस मौके पर जांच करने तो आई, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई या मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने कहा कि चोरी का मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।