छत पर जाल काटने के बाद साड़ी के सहारे घर में घुसे चोर।
बख्शी का तालाब। सैरपुर के बौरूमऊ गांव में मंगलवार देर रात बदमाशों ने दो घरों पर धावा बोला और वहां से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। बदमाशों ने कमरों में सो रहे लोगों को बाहर से बंद कर दिया था।
दूध कारोबारी अरविंद पाल के मुताबिक देर रात बदमाश उनके घर के अंदर छत पर आंगन में लगे हुए लोहे के जाल को तोड़कर के साड़ी के सहारे उतारे। परिवार के लोग अलग-अलग कमरों मेंं सो रहे थे। बदमाशों ने सभी कमरे बाहर से बंद कर दिए। बदमाश बक्सा तोड़कर छह लाख रुपये के सोने के जेवर और डेढ़ लाख रुपये कीमत के चांदी के गहने चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने गांव में रहने वाले किसान सुरेंद्र सिंह के घर धावा बोला। बदमाश उनके घर के पीछे से छत पर चढ़े और लोहे का जाल तोड़ा और साड़ी के सहारे आंगन में उतर आए। पहले कमरे में सो रहे लोगों को बंद कर दिया। उसके बाद एक कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर डेढ़ लाख नकद और चार लाख के गहने चोरी कर लिए। किसान
सुरेंद्र सिंह ने बताया की वह बरामदे में सो रहे थे। आहट पाकर के जब वह उठे तो आंगन में मोबाइल की लाइट जलती देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर बदमाश छत के रास्ते कूदकर भाग गए।
घंटों देरी से पहुंची पुलिस
ग्रामीणों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर डायल-112 की टीम पहुंची और छानबीन कर लौट गई। सुबह तक सैरपुर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बात से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। एसओ सैरपुर मनोज कोरी ने बताया कि दोनों पीड़ितों ने चोरी की तहरीर दी है। मामले की जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।