लखनऊ। गोमतीनगर व गोमतीनगर विस्तार इलाके में दो बंद घरों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले दो आरोपियों गोमतीनगर विस्तार निवासी आनंद मौर्य और इंदिरानगर निवासी बबलू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी आनंद कुमार मूल रूप से बाराबंकी के महमूदपुर का जबकि बबलू कुमार एटा की सदर कोतवाली महमूदपुर नहरिया का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से लखनऊ के अलग-अलग थानों में नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग अपना शौक व खर्च पूरा करने के लिए दिन में बंद घरों की रेकी कर रात में वारदात को अंजाम देते थे।
एसीपी गोमतीनगर वृज नारायण सिंह ने बताया कि गोमतीनगर के विवेकखंड निवासी शिव कुमार वर्मा के घर का ताला तोड़कर 22 अगस्त को चोर जेवर और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। इसी तरह गोमतीनगर विस्तार के सरस्वतीपुरम निवासी अधिवक्ता प्रमोद कुमार सिंह की बहन के घर का ताला तोड़कर चोर जेवर व 60 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व सर्विलांस की मदद से सोमवार को खरगापुर अंडरपास के पास से आरोपियों आनंद मौर्य और बबलू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए जेवर और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी व बाइक बरामद हुई है। (संवाद)