लखनऊ। वारदात के बाद पुलिस को धोखा देने के लिए कपड़े बदल लेने वाले दो टप्पेबाजों को कृष्णानगर थाने की पुलिस ने मंगलवार सुबह 9:30 बजे गंगाखेड़ा रेलवे अंडरपास के निकट से गिरफ्तार किया। इनसे सोने की चेन व घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है। कागज न दिखा पाने पर स्कूटी सीज कर दी गई है।
डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों में दुबग्गा के शाहपुर भमरौली का इमरान और इंदिरानगर का कल्लू है। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि एलडीए कॉलोनी निवासी दुर्गेश पांडेय ने नौ नंवबर को उनकी मां से टप्पेबाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद चार टीमें बनाई गईं।
पुलिस ने घटनास्थल और तीन किमी के दायरे में 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इनकी मदद से दोनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि वे टप्पेबाजी करने से पहले कई शर्ट और अन्य कपड़े पहने रहते थे। वारदात के बाद ऊपर पहने कपड़े उतार देते थे, जिससे पुलिस को धोखा दे सकें।
रेकी कर बुजुर्गों को बनाते थे शिकार
आरोपियों ने बताया कि वे दिन में फेरी व कबाड़ी वाला बनकर घरों की रेकी कर वहां रहने वाले बुजुर्गों का पता लगाते थे। फिर मौका देखकर सुनसान जगहों पर शिकार को लूट का डर दिखाकर गहने पार कर देते थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों आरोपी जेल जा चुके हैं। वहीं इनकी मुलाकात हुई थी। इमरान पर चोरी और टप्पेबाजी के 13 और कल्लू पर 19 मुकदमे हैं। इनकी गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को डीसीपी ने 15 हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है।