लखनऊ। ठाकुरगंज की बसंत कुंज योजना के सेक्टर-पी में 21 अक्तूबर को किराये के विवाद में मकान मालिक फूलचंद ने किरायेदार सरिता देवी (51) के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई। सरिता की बेटी की शिकायत पर फूलचंद, उसकी पत्नी और तीन बेटियों के खिलाफ गैर इरादतन की धारा में केस दर्ज किया गया। मंगलवार को पुलिस ने फूलचंद को गिरफ्तार कर लिया।
पीजीआई इलाके के एल्डिको उद्यान-2 निवासी ममता के मुताबिक उनकी मां फूलचंद के मकान में किराये पर रहकर सब्जी बेचती थीं। 21 अक्तूबर की रात वह नौ बजे दुकान से लौटीं। आरोप है कि तभी उनके कमरे में पहुंचीं फूलचंद्र की बेटियां मकान तुरंत खाली करने की बात कहने लगीं। चार दिन का समय मांगा तो फूलचंद्र सामान फेंकने लगा। इसका विरोध करने पर पांचों सरिता को पीटने लगे। इस दौरान फूलचंद्र ने रॉड उनके सिर पर दे मारी।
सिर फटने से सरिता बेहोश हो गईं। यह देख आरोपी भाग निकले। लोगों के जानकारी देने पर पहुंचीं ममता ने मां को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां तीन दिन बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान ने बताया कि पहले मारपीट की धारा में केस दर्ज किया गया था। सरिता देवी की मौत के बाद गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। फूलचंद को जेल भेज दिया गया है। मामले में उसकी पत्नी और बेटियों की भूमिका की जांच की जा रही है।