मोहनलालगंज। डाला चालक की हत्या के मामले में दो कसाई व एक फोटोग्राफर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक को शराब पार्टी के बहाने सुनसान जगह ले गए और उसके सिर व चेहरे पर तब तक डंडे से वार करते रहे, जब तक चालक की मौत नहीं हो गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक, डंडा व मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है।
मऊ गांव से सोमवार से लापता डाला चालक अलमास का शव मंगलवार की शाम गांव से दो किमी दूर छिबऊ खेड़ा के पास नहर किनारे झाड़ियों में मिला था। मामले में डाला चालक के पिता मोहम्मद रवी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि मृतक डाला चालक की रिश्ते की बहन को अलमास का पड़ोसी कसाई का काम करने वाला रमजान परेशान करता था। इसी बात से नाराज डाला चालक ने कुछ दिन पहले कसाई की पिटाई कर दी थी। इसके बाद कसाई ने डाला चालक की हत्या की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि इसमें गांव के ही कसाई अरमान व फोटोग्राफर सूरज रावत को भी शामिल किया गया। सोमवार की शाम अरमान ने डाला चालक को फोन कर शराब पार्टी करने के लिए बुलाया और दो बाइकों से अतरौली गए, लेकिन वहां कुछ लोगों की मौजूदगी के कारण चारों लोग छिबऊ खेड़ा के पास सुनसान जगह पहुंचे और मौका मिलते ही अरमान ने पास पड़े यूकेलिप्टस का डंडा डाला चालक के सिर पर मार दिया। डाला चालक के गिरते ही तीनों उसे घसीटकर नहर के किनारे ले गए और बारी-बारी से तीनों चालक के सिर व चेहरे पर तब तक डंडा मारते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। हत्या करने के बाद चालक का फोन उसकी जेब से निकालकर नहर में फेंक दिया था।
मंगलवार को चालक का शव मिलने के बाद पुलिस की छानबीन में रमजान पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के फोन में मिले आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के आरोपी रमजान व अरमान मीट की दुकान चलाते हैं। दोनों स्कूल व कॉलेजों के आसपास छात्राओं को परेशान किया करते थे। दोनों से बरामद मोबाइल फोन को चेक किया गया तो कम उम्र की लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो मिले। पुलिस को संदेह है कि ये दोनों लड़कियों को ब्लैकमेल करते होंगे। हालांकि पुलिस ने ऐसे किसी वीडियो के मिलने की पुष्टि नहीं की है।