लखनऊ। राजधानी में शनिवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला देखने को मिला। दोपहर में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया तो दोपहर के बाद तेज हवा के झोकों के बीच छिटपुट बूंदाबांदी ने राहत भी दी। शाम को हल्की उमस महसूस की गई। इससे इतर रविवार को राजधानी में झमाझम बारिश के आसार हैं। यह बारिश सोमवार को भी जारी रहेगी। कुल मिलाकर दो दिन तक राजधानी पर मेघों की मेहरबानी रहेगी, जिससे काफी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश की तर्ज पर लखनऊ में भी दो दिन तक अच्छी बारिश के आसार हैं। आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी में शनिवार को भी आसमान में कई बार बादल उमड़े लेकिन तेज हवा के कारण बारिश की जगह हल्की बूंदाबांदी ही हुई। रविवार और सोमवार को लखनऊ में ठीक-ठाक बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में भी गिरावट आएगी। हालांकि शनिवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 कम रहा। अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार को अच्छी बारिश के बाद भी आगे चार जुलाई तक कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे।