लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के 22वें दीक्षांत समारोह में इस बार फैकल्टी सदस्यों के लिए भी ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया है। 13 जुलाई को होने वाले आयोजन में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी निर्धारित पोशाक और विश्वविद्यालय का स्टोल पहनकर शामिल होंगे।
केजीएमयू के डीन एकेडमिक्स डॉ. वीरेंद्र आतम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पुरुष फैकल्टी सदस्यों को सफेद शर्ट, काली पैंट, काले जूते-मोजे पहनने होंगे। महिला फैकल्टी सदस्यों के लिए क्रीम रंग की साड़ी और भूरे रंग के जूते या सैंडल तय की गई है। सभी के लिए केजीएमयू का स्टोल धारण करना जरूरी होगा।
राज्यपाल देंगी मेधावियों को मेडल
दीक्षांत समारोह सुबह 11 बजे अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेधावियों को पदक देंगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।