लखनऊ। इंदिरानगर के मुंशी पुलिया खंडीय इलाके में पटेलनगर के 1000 से ज्यादा परिवारों को 14 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। भूमिगत केबल में आए फॉल्ट के कारण शुक्रवार शाम चार बजे ठप हुई आपूर्ति शनिवार सुबह छह बजे चालू हो सकी। इस कारण लोगों को पूरी रात जागना पड़ा और पानी संकट का सामना भी करना पड़ा। मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि फॉल्ट मिलने में देरी के कारण आपूर्ति शुरू करने में समय लगा।
इसके अलावा न्यू कैम्पस उपकेंद्र के कमलाबाद, बडौली, नव्य विहार, अहलादपुर व सीतापुर रोड की बिजली भी एक घंटे तक गुल रही। यहां पर ट्रक की टक्कर से खंभा टूट गया था। कृष्णानगर के गोपालनगर में शुक्रवार को पूरी रात लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। पानी की भी समस्या हुई।
हरिहरपुर उपकेंद्र की क्षमता बढ़ी, 8000 से अधिक उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली मिलेगी
राजभवन खंड के हरिहरपुर उपकेंद्र की क्षमता पांच एमवीए से बढ़कर दस एमवीए कर दी गई है। मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि अब हरिहरपुर, नीलमथा, डिप्टीगंज, राजा राहुल सिटी एवं अहिमामऊ क्षेत्र के 8000 से अधिक उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली मिलेगी।