लखनऊ। वृंदावन कॉलोनी निवासी उद्यमी अविनाश सिंह (38) की हत्या की गई थी। इसकी पुष्टि रविवार देर रात को हुए पोस्टमार्टम में हुई। पुलिस के मुताबिक, अविनाश का गला घोंटा गया था। इसके बाद उसके शव को शीशम के पेड़ से मफलर के फंदे से लटका दिया गया था ताकि खुदकुशी लगे। पुलिस ने पीजीआई थाने में दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने केबाद तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को फैक्टरी के साझीदारों सहित कुछ अन्य लोगों पर संदेह है। पुलिस सभी की कुंडली खंगाल रही है। खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं जो संदिग्धों की तलाश व साक्ष्य जुटाने में लग गई हैं।
पीजीआई इलाके के वृंदावन योजना सेक्टर-4 के निवासी अविनाश सिंह सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में नमकीन फैक्टरी चलाते थे। शनिवार रात को वह फैक्टरी से घर के लिए निकले थे। रोज रात में 8 बजे तक घर पहुंच जाते थे लेेकिन शनिवार को नहीं पहुंचे। वहीं रविवार सुबह कानपुर हाईवे से आधा किमी. दूरी पर दरोगा खेड़ा के पास पिनवट नहर किनारे जंगल में शीशम के पेड़ से शव लटकता मिला था। परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं स्माल इंडस्ट्री मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन ने पुलिस को 72 घंटे का खुलासा करने का समय दिया था।
फैक्टरी से कानपुर रोड के बीच खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
पुलिस टीम हत्याकांड के खुलासे के लिए अविनाश की फैक्टरी से लेकर कानपुर रोड के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान अविनाश की कार में कोई व्यक्ति बैठा होगा जिसने हत्या को अंजाम दिया है। अविनाश के दोनों मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई गई हैं।
रात में कंट्रोल रूम को दी गई थी गुमशुदगी की सूचना
एडीसीपी पूर्वी सैयद कासिम आबिदी के मुताबिक अविनाश ने पत्नी निधि से शाम को करीब 6.15 बजे बात की थी। इसके बाद दोनों के बीच कोई बात नहीं हुई। पत्नी ने रात 10 बजे के करीब कॉल किया तो मोबाइल बंद आ रहा था। इसके बाद रात 12.15 बजे के करीब उन्होंने कंट्रोल रूम को लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पीआरवी उनके घर गई। वहां से तहरीर लेकर आई और रात में मुकदमा दर्ज कर लिया। तत्काल पीजीआई पुलिस की टीम ने तलाश शुरू कर दी थी।
हत्या से कुछ देर पहले बंद हुआ था मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, अविनाश का मोबाइल रात करीब 10 बजे बंद हुआ। इसके पहले उसके मोबाइल पर कई लोगाें के कॉल आए थे। कुछ लोगों से बातचीत की भी पुष्टि हुई है। एडीसीपी पूर्वी कासिम आबिदी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रात 11 से 12 बजे के बीच हत्या की पुष्टि हुई है। अविनाश का गला घोंटा गया है। इसके बाद उसे पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। एडीसीपी के मुताबिक कई संदिग्ध मोबाइल नंबर की डिटेल निकाली गई है। जल्द खुलासा हो जाएगा।