लखनऊ। दलालों का एक गुट बुधवार रात केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर से एक मरीज को शिफ्ट कराकर 300 मीटर दूर स्थित लेकर निजी अस्पताल ले गया। यहां गेट पर दूसरे गुट से मारपीट हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने चार लोगों का शांति भंग में चालान किया है।
400 बेड की क्षमता वाले ट्रॉमा सेंटर में रोजाना 150 से अधिक मरीज भर्ती किए जाते हैं। बाकी को प्राथमिक इलाज देकर दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। निजी अस्पताल के दलाल इसका फायदा उठाते हैं।
बुधवार रात ऐसे ही शिफ्ट कराए मरीज को लेकर निजी अस्पताल के गेट पर दलालों के दो गुट आपस में भिड़ गए। पुलिस अस्पताल के पार्टनर सुमित व दूसरे पक्ष के तौहीद, अभिषेक व रिजवान को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां शांति भंग में इनका चालान किया गया।
आधी रात शुरू होता है खेल
ट्रॉमा सेंटर से मरीजों को शिफ्ट कराने का खेल आधी रात से शुरू होता है। इसमें ट्रॉमा के कर्मचारी भी शामिल हैं। इससे पहले पुरुष स्टाफ नर्स से निजी अस्पताल के संचालक से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने स्टाफ नर्स पर तो कार्रवाई की, लेकिन निजी अस्पताल संचालक को छोड़ दिया। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ केके सिंह का कहना है कि ट्रॉमा सेंटर में निजी अस्पतालों के दलालों पर नकेल कसने के निर्देश दिए गए हैं।