लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर काम के लिए लखनऊ नगर निगम को प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। 17 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रोपदीप मुर्मु यह सम्मान देंगी। कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नगर निगम को अवॉर्ड मिलेगा।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से नगर निगम को पोर्टल पर सम्मान दिए जाने की जानकारी दी गई है। अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव ने बताया कि अभी स्वच्छता रेटिंग जारी नहीं हुई है। यह 17 जुलाई को ही जारी की जाएगी। अभी तक लखनऊ नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड मिलने की सूचना आई है। उम्मीद है कि इस बार नगर निगम की रेटिंग अच्छी आएगी।
उन्होंने कहा है कि इस बार शिवरी प्लांट पर जमा कूड़े के निस्तारण का बड़ा काम हुआ है, जिसकी सराहना निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने भी की थी। देश-विदेश से अफसर शिवरी प्लांट में हो रहे काम को देखने आ रहे हैं। चर्चा है कि इस बार नगर निगम की स्वच्छता रेटिंग में तीसरी रैंक आई है। हालांकि, किसी ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।