सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात।
लखनऊ। मड़ियांव के फैजुल्लागंज में रविवार रात किराना थोक व्यापारी सोनू तिवारी की दुकान का ताला तोड़कर चोर 2.50 लाख की नकदी, 150 सिगरेट के पैकेट व अन्य सामान चोरी कर ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो चोर नजर आए हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मोहन मीकिन निवासी सोनू तिवारी की फैजुल्लागंज की द्वारिकापुरी कॉलोनी के सामने महाकाल ट्रेडर्स के नाम से किराने की थोक की दुकान है। सोनू ने बताया कि रविवार रात 10:45 बजे उन्होंने दुकान बंद की। सोमवार की दोपहर 12 बजे पहुंचे तो देखा कि दुकान पर लगे दोनों ताले टूटे पड़े हैं, शटर भी गिरा हुआ था। चोरी की शंका होने पर सोनू ने अन्य दुकानदारों को बुलाकर दुकान का शटर उठाया। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। गल्ले में रखे ढाई लाख रुपये, सिक्के और करीब 150 सिगरेट के पैकेट गायब थे। इंस्पेक्टर मड़ियांव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
फुटेज में नजर आए दो चोर
दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दुकान में चोरी करते नजर आए हैं। इसमें से एक चोर ने हेलमेट लगा रखा था। अन्य फुटेज में चोर बेलचे से दुकान का ताला तोड़कर चले जाते हैं। करीब आधा घंटे के बाद दोबारा आकर दुकान में घुसते हैं।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात।