गुडंबा। जानकीपुरम के जानकी विहार में चोरों ने 29 जुलाई की देर रात सेवानिवृत्त शिक्षक रामनरेश शुक्ला के बंद मकान का ताला तोड़कर महज 19 मिनट में 80 लाख रुपये के जेवर और ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित रामनरेश शुक्ला ने बताया कि वह मूलरूप से सीतापुर के अटरिया गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में जानकी विहार में रहते हैं। 29 जुलाई को वह मकान में ताला लगाकर गांव चले गए थे। पांच अगस्त की सुबह करीब साढ़े नौ बजे मकान में काम करने वाली राधा ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा पड़ा है। वह पत्नी और बेटे के साथ दोपहर में पहुंचे तो मेन गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर रखी दो लकड़ी और एक लोहे की अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे। उन्होंने बताया कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बाइक सवार दो युवक 29 जुलाई की रात करीब 1:51 बजे घर की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसते दिखाई दिए और रात 2:10 बजे बाहर निकल गए। बदमाश घर से कुछ दूर बाइक खड़ी कर पैदल घर पहुंचे थे। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि फुटेज में दिख रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है। चोरों की बाइक गुडंबा थाने के पास मिली है। बाइक के नंबर सेे पता चला है कि बाइक इंदिरानगर के रहने वाले किसी व्यक्ति की है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी