लालगंज (रायबरेली)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय उगाभाद में चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर उसमें रखा 10 बोरी चावल व 6 बोरी गेंहू पार कर दिया। इससे पहले भी एक बार इस स्कूल में चोरी हो चुकी है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरनाथ ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने उन्हे फोन पर जानकारी दी कि विद्यालय का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो वहां बच्चो का खाना बनाने के लिये रखा राशन गायब था।
एक ही परिसर में मौजूद प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कुल मिलाकर लगभग 205 बच्चे इस विद्यालय में पढ़ते है। सभी का खाना एक ही रसोई में बनता है। जिसके चलते राशन भी एक ही जगह रखा जाता था। प्रधानाध्यापक ने बताया कि इसके पूर्व भी दिसम्बर 2018 में चोरों ने 8 बोरी गेंहू, 6 बोरी चावल, 45 किलो आटा, गिलास, थाली व अन्य सामान चोरी हो गया था।
मामले की शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की जिसके चलते एक बार फिर इस प्रकार की घटना हो गई। शिक्षक नेता आशीष प्रताप सिंह, शेखर यादव, पन्नालाल आदि ने कोतवाली प्रभारी से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है पड़ताल की जा रही है।