डलमऊ (रायबरेली)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय टिकैतगंज में बच्चों से लकड़िया ढुलाई के मामले में अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई तो नहीं हुई हैै, लेकिन स्कूल में तैनात शिक्षिका को नोटिस जरूर थमा दिया गया है।
शिक्षिका से जवाब मांगा गया है कि ऐसी परिस्थिति क्यों बनीं कि बच्चों से लकड़ियों की ढुलाई कराई गई। जवाब मिलने के बाद मामले की तह तक जाने की कोशिश की जाएगी, फिर कार्रवाई होगी।
डलमऊ कस्बे के मियां टोला स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय टिकैतगंज में अध्ययनरत छात्रों से शुक्रवार को लकड़ियों की ढुलाई कराई गई थी। इस विद्यालय में संचालित कक्षा छह, सात, आठ में 59 बच्चे नामांकित हैं। इन बच्चों को पढ़ाने के नाम पर महज एक शिक्षिका तैनात है, जिसे तीनों कक्षाओं की जिम्मेदारी एक साथ संभालनी पड़ती है।
सहायक शिक्षिका अंजू यादव का कहना था कि शुक्रवार को अनुचर को बीआरसी बुला लिया गया था। रसोइये का स्वास्थ्य ठीक नहीं था तो उसने ही बच्चों से लकड़ियों की ढुलाई में मदद करने के लिए बुला लिया था। हालांकि उन्होंने स्वयं इस मामले को गंभीरता से लिया और रसोइये को फटकार लगाई थी।
इस मामले में एसडीएम सविता यादव ने जहां जांच कराने का आदेश दिया था, वहीं खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रजापति ने भी कार्रवाई करने की बात कही थी। उधर, एसडीएम का कहना है कि मामले की जांच नायब तहसीलदार से कराई जा रही है।