लखनऊ। चोरों ने रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल के डॉक्टर व तीन अन्य लोगों के घरों से लाखों के जेवर, कीमती सामान और नकदी चुरा ली। पीड़ितों ने तालकटोरा, गोमतीनगर विस्तार, पीजीआई और गुडंबा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉ. पवन कुमार रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में वरिष्ठ परामर्शदाता हैं। वह अस्पताल परिसर में बने घर में रहते हैं। जबकि उनका दूसरा घर तालकटोरा के राजाजीपुरम डी ब्लॉक में है। दो अक्तूबर को दोपहर करीब तीन बजे डॉक्टर डी ब्लॉक स्थित घर पहुंचे थे। पहली मंजिल पर कमरे का गेट उन्हें अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर उन्हें चोरी होने की जानकारी हुई। पुलिस गेट तोड़कर अंदर पहुंची तो पता चला कि चोर लैपटॉप, लाखों के जेवर और नकदी चुरा ले गए थे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि एक युवक ने एक अक्तूबर को शाम साढ़े सात बजे वारदात की है। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप मिश्र के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।
उधर, चोरों ने दो अक्तूबर की रात में गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-4 निवासी सोहनलाल श्रीवास्तव के मकान से गृहस्थी का सामान, 15 हजार रुपये व जेवर पार कर दिया। इसके अलावा पीजीआई के वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-10सी में रहने वाले दुर्गेश बाजपेई के घर से चोरों ने एक अक्तूबर की रात कीमती सामान और गुडंबा की वंदना के घर से लाखों के जेवर चुरा लिए। संबंधित थानों के इंस्पेक्टर के मुताबिक घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।