गाजीपुर थाना क्षेत्र में छह-सात डकैतों ने सोमवार सुबह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व राज्य संपत्ति अधिकारी राजकिशोर यादव के घर धावा बोला। राजकिशोर के साथ उनकी बेटी प्रशस्ति यादव के हाथपैर बांधे। नौकर से दोनों को इंजेक्शन लगवाए और बक्से व अलमारी तोड़कर 30 लाख के गहने, 50 हजार की नकदी व लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर फरार हो गए। पॉश इलाके में दिनदहाड़े डकैती की खबर पर पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में नौकर डकैतों के पीछे साइकिल से जाते नजर आया। चार थानों की पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम डकैतों व नौकर की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, इंदिरानगर के सेक्टर-11 में मुख्यमार्ग पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजकिशोर यादव का आवास है। वह सोमवार सुबह भूतल पर अपने कमरे में बैठे टीवी देख रहे थे और विधि छात्रा बेटी प्रशस्ति यादव प्रथम तल पर कमरे में थी। नौकर मुकेश ने सुबह 10:30 बजे कूड़ा फेंकने के लिए मुख्यद्वार खोला। इसके साथ छह सात बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया। राजकिशोर के साथ मुकेश पर तमंचा व बंदूक तान कर जान से मारने की धमकी दी। राजकिशोर के हाथपैर बांधकर बेड पर गिरा दिया। शोर सुनकर प्रशस्ति भूतल पर आई। नौकर ने बदमाशों द्वारा राजकिशोर को बंधक बनाने की बात कहकर कमरे में बुलाया। बदमाशों ने प्रशस्ति को भी पकड़ लिया। हाथपैर बांधकर उसे भी बिस्तर पर पटकने के साथ नकदी मांगी। इन्कार पर जान से मारने की धमकी देते हुए अलमारी व बक्सों की चाभी देने को कहा। दो बदमाशों ने पिता-पुत्री असलहा ताना और नौकर से दोनों को इंजेक्शन लगवाया। इसके बाद चार-पांच बदमाशों ने ने स्टोर में जाकर अलमारी व बक्से तोड़ने शुरू कर दिए।
बदमाशों ने राजकिशोर की मां, पत्नी, बहू और प्रशस्ति की शादी के लिए खरीदे गहने, 50 हजार रुपये और राजकिशोर के लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ अन्य कीमती सामान बंटोरा। बेड पर बंधक बने पड़े पिता-पुत्री को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों के मोबाइल फोन छीने। कहा कि नौकर को साथ लेकर जा रहे हैं। होशियारी दिखाई तो उसे गोली मार देंगे। इसके बाद माल लेकर फरार हो गए। काफी देर बाद प्रशस्ति ने हिम्मत जुटाकर खुद को बंधन मुक्त किया और पिता के हाथपैर खोले। शोर सुनकर घर के बाहर उनकी चश्मे की दुकान का नौकर पहुंचा। प्रशस्ति ने बेसिक फोन से कॉल करके अपने रिश्तेदारों और पुलिस को डकैती की सूचना दी।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व राज्य संपत्ति अधिकारी के घर दिनदहाड़े डकैती की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डकैती की प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ आसपास तहकीकात व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए।