लखनऊ। पारा क्षेत्र में अज्ञात युवक की हत्या कर शव बोरी में फेंका गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस बात का खुलासा हो गया है। पुलिस अभी तक न तो शव की शिनाख्त कर सकी है और न ही हत्यारों का कोई सुराग लग सका है। मंगलवार को हंसखेड़ा चौकी इंचार्ज मुन्नालाल ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
विक्रमनगर ओवरब्रिज के पास सब्जी मंडी के कूड़ा स्थल पर 15 अक्तूबर की सुबह बोरी में नग्न अवस्था में अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय युवक के हाथ, पैर और गर्दन रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप चिपका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शव की पहचान न हो पाने पर पुलिस ने अंतिम संस्कार करवा दिया था, जबकि बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार युवक की हत्या कहीं और कर शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से विक्रमनगर पुल के पास फेंका गया। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के जिलों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पोस्टर भी लगाए हैं।
सीसीटीवी खंगाले, लेकिन सुराग नहीं मिला
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही कूड़ा डालने आने वाले वाहनों के चालकों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस टीम अब मृतक की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने के लिए साइबर सर्विलांस की मदद ले रही है।