रामजन्म भूमि परिसर में चल रहा खोदाई कार्य
- फोटो : अमर उजाला
श्रीराममंदिर निर्माण के लिए नींव खोदाई का काम तेजी से चल रहा है। अप्रैल माह से नींव भरने का काम शुरू होगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने रविवार को कारसेवकपुरम में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब नौ मीटर की खोदाई की जा चुकी है।
राममंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि रामलला के परिसर में नींव खोदाई का काम प्रगति पर है। फरवरी के अंत में नींव खोदाई कार्य की समीक्षा की जाएगी। मार्च के अंत तक नींव खोदाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अप्रैल माह से नींव की फिलिंग का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक करीब नौ मीटर तक नींव की खोदाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। निर्धारित 70 से 75 दिनों के भीतर नींव खोदाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान फिलिंग इंजीनियरिंग मटेरियल का कंपोजीशन तैयार करने के काम में जुटे हुए हैं। फरवरी माह के अंत में इन कार्यों की समीक्षा मंदिर निर्माण समिति व ट्रस्ट के पदाधिकारी इंजीनियरों के साथ करेंगे। समीक्षा के बाद मार्च के अंत में या फिर अप्रैल माह से नींव की फिलिंग का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि अब एलएंडटी को प्रारंभिक चरण में 29 करोड़ का भुगतान किया गया है। एलएंडटी जो काम पूरा करती जाएगी, उसका बिल ट्रस्ट को सौंपेगी, उसके बाद उनका भुगतान किया जाएगा।
अब तक मिल चुकी है चार क्विंटल चांदी
ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र ने बताया कि अब तक चार क्विंटल चांदी सहयोग के रूप में मिल चुकी है। चांदी रखने के लिए अब लॉकर कम पड़ रहे हैं। कहा कि राममंदिर निर्माण में इनका जहां प्रयोग होगा वहां किया जाएगा। भक्तों से निवेदन है कि धातु के रूप में दान न दें। हमारे पास लॉकर नहीं है। अर्थ के रूप में जो सहयोग कर रहे हैं वह पर्याप्त है, जब धातु की जरूरत होगी तब आह्वान करेंगे।