लखनऊ। लगातार हो रही बारिश के कारण सेतु निगम के पुल और एनएचएआई के लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का काम धीमा हो गया है।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अफसरों के अनुसार, इस वक्त रैंप बनाने से लेकर मिट्टी भराई तक का काम रोक दिया गया है। इस दौरान कंक्रीट की भराई करने के बाद उस रोलर चलाया जा रहा, जिससे सतह मजबूत होगी। एक्सप्रेस की सतह मजबूत होने से सड़क के धंसने का अंदेशा कम होगा। अफसरों ने बताया कि इस वक्त कानपुर एक्सप्रेसवे पर बचे शटरिंग एवं वेल्डिंग आदि का काम निपटाया जा रहा है। मौसम साफ होते ही काम को दोबारा गति देंगे।
केसरीखेड़ा में शुरु नहीं हो सका काम
कृष्णानगर क्षेत्र में बन रहे केसरीखेड़ा फ्लाईओवर के अधूरे काम की रविवार को बारिश के कारण शुरुआत नहीं हो सकी। सेतु निगम के अभियंताओं ने बताया कि बारिश में पिलर की पाइलिंग का काम करना संभव नहीं है। इसलिए जैसे ही बारिश थमेगी, काम शुरू कर देंगे।