लखनऊ। तालकटोरा पावर हाउस में प्रीपेड मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर पहुंचीं महिलाओं ने अधिशासी अभियंता रमन पर उन्हें कार्यालय से भगाने का आरोप लगाया है।
तालकटोरा क्षेत्र की महिलाएं तीन-चार दिन से अधिशासी अभियंता के पास मीटर हटाने की मांग को लेकर जा रही थीं। अधिशासी अभियंता ने शुक्रवार को सभी महिलाओं को भगाते हुए हुसैनगंज 1912 कार्यालय भेज दिया। तपती दोपहर में महिलाएं हुसैनगंज कार्यालय पहुंचीं, पर वहां से उन्हें दोबारा तालकटोरा पावर हाउस भेज दिया गया। महिलाएं दोबारा तालकटोरा पहुंचीं तो अधीक्षण अभियंता कमलेश कुमार कार्यालय में बैठे मिले। उन्हें देखकर महिलाओं ने उनका घेराव कर दिया और पुराना मीटर लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने आदेश जारी किया है कि उपभोक्ता की सहमति पर ही प्रीपेड मीटर लगाए जाएं। महिलाएं प्रीपेड मीटर लगवाने का विरोध कर रही हैं, इसलिए इनको बदला जाना चाहिए।
अधीक्षण अभियंता कमलेश कुमार ने बताया कि महिलाओं का ज्ञापन लेकर कार्रवाई के लिए उच्च अफसरों को भेज दिया गया है। वहीं, अधिशासी अभियंता रमन से महिलाओं को भगाए जाने के प्रकरण पर उनका पक्ष जानने के लिए कॉल की गई तो उन्होंने कॉल काट दी। इससे उनका पक्ष नहीं मिल सका।
प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
प्रदर्शन करतीं महिलाएं।