लखनऊ। अयोध्या रोड स्थित निजी अस्पताल में डाॅक्टरों ने दुर्लभ तरह के मामले में 28 वर्षीय महिला की सर्जरी की। अयोध्या निवासी इस महिला का दिल जन्म से दाहिनी तरफ था। महिला को गाॅल ब्लेडर में पथरी होने पर सर्जरी की जरूरत थी। दाहिनी तरफ दिल होने तथा दिल संबंधी जांचें सामान्य न होने की वजह से अयोध्या में उनकी सर्जरी नहीं हो पाई।
अस्पताल के मीडिया प्रभारी अर्पित सिंघल ने बताया कि डेक्सट्रोकार्डिया साइटस इनवर्सस एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है। इसमें हृदय छाती के दाईं ओर स्थित होता है। साथ ही अन्य आंतरिक अंग अपनी सामान्य स्थिति से उलटे होते हैं। इसलिए सामान्य रूप से सर्जरी आसान नहीं होती है। डॉ. नवेंदु मोहन और डॉ. अंशुल गुप्ता ने दूरबीन विधि से यह सर्जरी की। सर्जरी का खर्च आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से दिया गया। ऐसे में महिला के परिवार वालों कोई खर्च नहीं करना पड़ा।