लखनऊ। सट्टे में रुपये गंवाने और उसकी लत से परेशान होकर जान देने से पहले रियल एस्टेट कारोबारी प्रबल जैन (32) ने पत्नी शिवानी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। इस पर वह उन्हें समझाती रही कि वह ऐसा कोई कदम न उठाए, पर प्रबल ने उनकी एक बात नहीं सुनी और कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
शिवानी शहीद पथ स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल में फ्लोर मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के वक्त वह ड्यूटी पर थीं। इस बीच रात में प्रबल ने उन्हें फोन किया। वह बार-बार यही कह रहे थे कि चाहकर भी सट्टे की लत को नहीं छोड़ पा रहे हैं। प्रबल ने कहा कि उनके पास आत्महत्या करने के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। इस पर शिवानी ने कहा कि परेशान न हो वह घर आ रही हैं, पर प्रबल ने उनकी कोई बात नहीं सुनी।
शिवानी स्कूटी से पहुंची, मिला पति का शव
फोन कटते ही शिवानी स्कूटी लेकर घर के लिए भागी। अपार्टमेंट पहुंचीं तो देखा कि भीड़ लगी है और पुलिस भी मौजूद है। शिवानी मौके पर पहुंची तो पति का खून से लथपथ शव देखा। वह दहाड़े मारकर शव से लिपट गई। महिलाओं ने उन्हें संभाला। पुलिस प्रबल को ट्रॉमा सेंटर ले गई, पर उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के वक्त जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट के सी ब्लॉक के एक फ्लैट में हल्दी समारोह और दूसरे में धार्मिक कार्यक्रम होना था। घटना से हड़कंप मच गया।
पढ़ाई के दौरान हुआ प्रेम, फिर की शादी
प्रबल और झारखंड के बोकारो की शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। यहीं दोनों के बीच प्रेम हुआ और बाद में उन्होंने विवाह कर लिया। अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि दोनों दिवाली के समय यहां रहने आए थे और ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अप्रैल 2026 : मानकनगर रामनगर 22 वर्षीय छात्र विशाल सिंह ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान ऑनलाइन गेम में पैसे डूबने और मानसिक तनाव के कारण फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दिसंबर 2025 : पारा की कुंदन विहार कॉलोनी में 58 वर्षीय विजय कुमार लोधी ने फांसी लगा ली। वह भी सट्टे की लत के कारण भारी कर्ज में डूबे थे और आर्थिक तंगी से परेशान थे।
अक्तूबर 2025 : ईशान गर्ग ने कार में खुद को गोली मार ली। जांच में सामने आया कि वह सट्टे के आदी थे। कर्ज चुकाने के लिए संपत्ति भी बेच दी थी।
दिसंबर 2024 : गोमतीनगर में अनुज कुमार बरनवाल (18) ने ऑनलाइन सट्टे में पैसे हारने के बाद फांसी लगा ली। सुसाइड नोट में सट्टे में पैसे गंवाने का जिक्र किया था।