लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही संतपुरम स्थित ससुराल में रह रहे डॉग केयरटेकर पंकज तिवारी (26) की मामूली-सी बहस के बाद पत्नी नेहा ने घरवालों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पंकज की पत्नी, सास, ससुर और दो सालों को गिरफ्तार किया है। नामजद सबसे छोटे साले की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि रविवार को पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों पत्नी नेहा, सास बिंदु, ससुर बृजेश, साले सौरभ और बॉबी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया तो आरोपी पुलिस को गुमराह करने लगे। बाद में जब पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या आने की बात बताई तो आरोपी टूट गए और सबने मिलकर पंकज की हत्या करने की बात कबूली। पूछताछ में पता चला कि छह अगस्त को नेहा पंकज के साथ एक महिला के घर उसके कुत्ते की देखभाल करने गई थी। वहां पंकज को कुछ अधिक समय लग गया। इससे दोनों में बहस हो गई। दोनों घर पहुंचे तो वहां भी झगड़ा हुआ। इस दौरान नेहा और उसके परिजनों ने मिलकर पंकज को बेरहमी से पीटा और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। नामजद आरोपी बिट्टू घटना के वक्त घर पर नहीं था। उसकी भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
सीढि़यों से गिरने की कहानी ससुराल वालों ने बताई थी
इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह ने बताया कि पंकज के ससुराल वालों ने बताया था कि छह अगस्त की रात पंकज की सीढ़ियों से गिरकर मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मारने की पुष्टि हुई। शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे। रिपोर्ट आने के बाद बाराबंकी के बदोसराय के मरकामऊ गांव निवासी पंकज के पिता दिनेश ने हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी।
घरवालों से तोड़ लिया था रिश्ता
पंकज ने चार साल पहले इंदिरानगर के तकरोही संतपुरम निवासी नेहा से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह ससुराल में ही रह रहा था। पिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों के कहने पर उनके बेटे ने घरवालों से संबंध तोड़ लिए थे।