लखनऊ। दुबग्गा स्थित रिंग रोड पर मंगलवार शाम कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। उनके पति को मामूली रूप से चोट आई।
मूल रूप से हरदोई के संडीला निवासी अजहर लखनऊ में दुबग्गा स्थित टीवी टावर के पास किराये पर रहकर प्राइवेट गाड़ी चलाते हैं। उनकी पत्नी हसन जहां (42) मंगलवार शाम संडीला से बस में लौटीं। अजहर दुबग्गा बस स्टैंड से उन्हें बाइक पर घर ला रहे थे।
इस दौरान रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से हसन जहां सड़क पर गिरीं और कार का पहिया उन पर चढ़ गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर दुबग्गा अभिनव वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार के बारे में पता लगा रही है।