लखनऊ। यहियागंज स्थित आस्ताना आलिया दरगाह भय्या साहब में 158वें दो दिवसीय उर्स का आगाज शनिवार को अकीदत से किया गया। जायरीनों ने कुरान की तिलावत की और फातेहा पढ़कर ईसाले सवाब पेश किया।
अस्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी की महफिल सजाई गई। इसमें अकीदतमंदों ने आस्ताने के खादिम शफीकुद्दीन रहमानी की अगुवाई में कुरान की तिलावत की। फिर मगरिब की नमाज के बाद हजरत शाह मोहम्मद उमर के कुल की महफिल सजी। ईशा की नमाज के बाद महफिले समा में कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश किए। दरगाह पर अकीदतमंदों ने चादर पेशकर दुआएं मांगी। दरगाह के खादिम शफीकुद्दीन रहमानी ने बताया कि रविवार सुबह 8:30 बजे दरगाह का गुस्ल होगा। शाम को कुल की महफिल सजाई जाएगी।