बीबीए की छात्रा व उसकी बहन को मिली तेजाब से जलाने की धमकी
लखनऊ। गुडंबा निवासी बीबीए की छात्रा व उसकी बहन को तेजाब से जलाने की धमकी मिली है। पीड़िता के पिता ने धमकी देने वाले मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी अनुपम भट्ट के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी अनुपम छात्रा का सहपाठी है।
पीड़िता के पिता के मुताबिक बेटी निजी कॉलेज में पढ़ती है। आरोप है कि कुछ दिन पहले अनुपम ने बेटी को बहला फुसला कर उसके सोशल मीडिया अकाउंट और जीमेल अकाउंट की डिटेल ले ली थी।
इसके जरिये उनकी बेटी व घरवालों की तस्वीरें डाउनलोड कर लीं। तस्वीरें एडिट कर वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि बात न मानने पर एक दिन आरोपी ने बेटी को सरेराह थप्पड़ मार दिया।
विरोध पर व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेज दीं। इधर कुछ दिनों से बेटी व उसकी बहन को तेजाब से जलाने की धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।