लखनऊ। एसिड अटैक के बाद जिंदगी को दोबारा संवारना आसान नहीं होता, लेकिन इन मुश्किलों के बावजूद महिलाएं अपने परिवार और बच्चों की जिंदगी संवारने में जुटी हैं। सोमवार को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यक्रम में 19 जिलों से आईं एसिड अटैक सर्वाइवर्स ने अपनी जरूरतें अधिकारियों के सामने रखीं। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन (डब्ल्यूसीएसओ) उत्तर प्रदेश पुलिस ने मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पुनर्निर्माण सर्जरी, मुआवजा, सुरक्षित आवास और कानूनी सहायता से जुड़ी समस्याएं बताईं। कई महिलाओं ने बच्चों की पढ़ाई, परवरिश और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां उठाने के लिए स्थायी रोजगार की जरूरत बताई। उन्होंने कौशल विकास और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम एडीजी वीमेन पावर लाइन पद्मजा चौहान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डब्ल्यूसीएसओ ने प्रत्येक सर्वाइवर के संपर्क में रहने और उसकी जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों एवं प्राधिकरणों से समन्वय कर सहायता दिलाने की प्रतिबद्धता जताई।