लखनऊ। बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय को शनिवार को प्रदेश की सबसे बड़ी पीडियाट्रिक केयर यूनिट (पीसीयू) की सौगात मिली। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में डेडिकेटेड पीसीयू सहित जन औषधि केंद्र और स्पोक एंड हब मॉडल पर आधारित पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पीडियाट्रिक यूनिट में बच्चों को बेहतर इलाज मिलेगा। साथ ही बताया कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
सुविधाओं के लोकार्पण के बाद डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी बदलाव हुआ है। नए अस्पताल खोले गए हैं, जहां आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल में 44 शैय्या वाली इस विशेष यूनिट में बच्चों को बेहतर इलाज मिलेगा। इसमें एमएनसीयू, जनरल पीडियाट्रिक विभाग, एलएमयू शामिल हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि अस्पताल में अब स्पोक एंड हब मॉडल पर आधारित पैथोलॉजी लैब का संचालन होगा। इस लैब को सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व ट्रॉमा सेंटर से जोड़ा गया है। इनमें बीकेटी, इटौंजा, अलीगंज, मलिहाबाद, काकोरी, माल, गुडुंबा व जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर शामिल हैं।
लैब का संचालन 24 घंटे होगा। यहां सीबीबी, लिवर, किडनी, हार्ट, हैपिटाइटिस, वायरल मार्कर समेत अन्य जांच होंगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में 100 बेड हैं। शनिवार को 44 नवीन बेड की यूनिट के लोकार्पण के साथ अब यह 144 शैय्या युक्त अस्पताल बन गया है। चिकित्सालय में इमरजेंसी सेवाओं का संचालन 24 घंटे किया जा रहा है। यहां 27 चिकित्सक कार्यरत हैं। डिप्टी सीएम ने चिकित्सालय में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भी शुभारंभ किया। साथ ही एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने बताया कि जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर में भी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इस अवसर पर विधायक योगेश शुक्ला, एमएलसी पवन सिंह चौहान, डीजी हेल्थ रतनपाल सिंह सुमन, एडिशनल डायरेक्टर लखनऊ डॉ. जीपी गुप्ता, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह, राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा व डॉ. एसके महाराज आदि मौजूद रहे।