लखनऊ। वीआईपी इलाकों को बिजली आपूर्ति करने वाले 132 केवी गोमतीनगर ट्रांसमिशन उपकेंद्र में सोमवार शाम करीब पांच बजे एक सांप ने दस 33 केवी उपकेंद्र की बिजली गुल कर दी। इससे गोमतीनगर से हजरतगंज और निशातगंज से फैजाबाद रोड तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह संकट 45 मिनट में तक रहा।
ट्रांसमिशन के अफसरों ने बताया कि लाइटिंग अरेस्टर उपकरण पर सांप चढ़ा और जोरदार धमाके से वह जलकर नीचे गिर गया। इससे लाइटिंग अरेस्टर क्षतिग्रस्त हो गया और विपिनखंड, विश्वासखंड, विभूतिखंड, एचएएल, भीखमपुर, डालीबाग, इंदिराभवन, जवाहर भवन उपकेंद्रों के साथ कूपर रोड 33 केवी उपकेंद्र व लोहिया संस्थान 33 केवी फीडर की बिजली बंद हो गई। ट्रांसमिशन टीम को जला उपकरण को बदलने में 40 मिनट का समय लगा। शाम 5:50 बजे बिजली चालू हो गई। सबसे ज्यादा भीखमपुर उपकेंद्र से निशातगंज की पहली व दूसरी गली, भीखमपुर, पेपरमिल कॉलोनी सहित आसपास के लोगों ने बिजली संकट झेला। उधर, चिनहट के गुलजार कॉलोनी, गोविंद विहार, गोमतीनगर विस्तार के गोकुल विहार इलाकों की बिजली भी ठप रही।
18 गांवों की 11 घंटे बंद रही बिजली
समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर की बिजली सोमवार सुबह चार बजे बंद हो गई, जो 11 घंटे बाद अपराह्न तीन बजे चालू हुई। इससे 18 गांवों की आपूर्ति प्रभावित हुई। यह गांव बजगहिया, बहरौली, सिरौना, मुकुंद खेड़ा ,बड़ेहा ,भदुआ ,नौबस्ता, भोला पुरवा, नेहरू नगर, पकरा, रसूलपुर, मटेरा , सिघई का पुरवा, भवानी बक्स का पुरवा हैं। मुकुंद खेड़ा निवासी मलखान सिंह, सिरौना के दीपक सिंह, बजगहिया के रमलू गोस्वामी, बहरौली के इदरीश, मिहीलाल खेड़ा के अमित व पुनवासी ने बताया कि बिजली बंद होने से पानी संकट का सामना करना पड़ा। जेई आशीष कुमार ने बताया कि पेड़ की डाल टूट कर लाइन पर गिर गई थी, जिससे तार टूट गया था।
फैजुल्लागंज में आज से दूर होगा बिजली संकट
जेहटा ट्रांसमिशन उपकेंद्र से 16 करोड़ की लागत से बनने वाली नई 33 केवी लाइन मंगलवार को चालू होगी। इससे फैजुल्लागंज क्षेत्र के 35 हजार उपभोक्ताओं का बिजली संकट दूर हो जाएगा। सोमवार को भी यहां के उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा। एक्सईएन एके शुक्ला ने बताया कि सोमवार शाम को छह बजे दाउदनगर उपकेंद्र को नई 33 केवी लाइन से जोड़ते हुए उसे चार्ज कर दिया गया। यह बिजली आपूर्ति का तीसरा अतिरिक्त स्रोत होगा। मंगलवार सुबह 11 से दोपहर एक के बीच इस लाइन को चालू किया जाएगा।