किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में मजार मामले का विवाद सोमवार को फिर गरमा गया। ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन ने इस मामले में केजीएमयू कुलपति और भूमि संबंधी मामलों के नोडल प्रो. केके सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, केजीएमयू प्रशासन ने छवि खराब करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए मोहम्मदी मिशन को लीगल नोटिस भेजा है।
ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के महासचिव सैयद बाबर अशरफ के मुताबिक, केजीएमयू प्रशासन ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। 26 अप्रैल, 2025 को वहां बलपूर्वक प्रवेश, सामूहिक विध्वंस, तोड़फोड़ और धार्मिक अपमान का कृत्य किया गया। हाजी हरमैन शाह के मजार को बिना कानूनी आदेश नुकसान पहुंचाया गया।
केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, 29 जनवरी को ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन देकर नेत्र विभाग के पीछे हरमैन साहब की दरगाह के चारों और स्थित भूमि वापस करने और विभिन्न मजारों को हटाने संबंधी नोटिस वापस लेने की मांग की थी। प्रवक्ता के अनुसार, इस मजार को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया था। आसपास का अतिक्रमण न्यायालय के आदेश पर खाली कराया गया।
मजार का प्रबंधन एक कमेटी के पास है और ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन इसमें पक्षकार भी नहीं था। प्रो. केके सिंह के अनुसार भूमि संबंधी मामलों के लिए केजीएमयू की ओर से नियुक्त होने के बावजूद उन पर व्यक्तिगत आरोप लगाए जा रहे हैं। 14 फरवरी को संगठन की ओर से भेजे गए नोटिस में "कुछ भी करने" जैसी धमकीपूर्ण और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो अनुचित है। इसलिए कानूनी नोटिस जारी किया गया है।
ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के महासचिव सैयद बाबर अशरफ ने बताया कि केजीएमयू प्रशासन जानबूझकर मामला बढ़ा रहा है। मजार 650 वर्षों से है। हम बातचीत से मामला सुलझाना चाहते हैं। ''कुछ भी करने'' संबंधी भाषा का इस्तेमाल हमारे नोटिस में इस्तेमाल नहीं किया गया। अगर केजीएमयू प्रशासन इस मामले को बढ़ाना चाहता है तो फिर हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे और हर जनपद में इस मामले में मुकदमा दर्ज कराएंगे।
केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि यह मामला केजीएमयू परिसर का है। केजीएमयू प्रशासन कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी जमीन मुक्त करा रहा है। ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन इस मामले में व्यक्तिगत आरोप लगा रहा है, जबकि यह विषय पूरी तरह से विश्वविद्यालय प्रशासन से संबंधित है। मेरा इसमें कोई व्यक्तिगत हस्तक्षेप या भूमिका नहीं है। मामले में विभिन्न प्राधिकारियों को पत्र भेजकर यह भ्रम पैदा किया जा रहा है कि यह कार्रवाई मेरे निर्देश पर हुई है। इससे धार्मिक भावनाएं भड़कने का जोखिम और अनावश्यक विवाद का खतरा पैदा हो रहा है।
मामले की कर रहे हैं जांच
चौक कोतवाली के इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के महासचिव की ओर से अप्रैल, 2025 के मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।