फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: आग उगलती धूप ने बढ़ाई मुसीबत, सड़कों पर सन्नाटा, अस्पतालों में भीड़

विज्ञापन
 शुक्रवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती मरीज। संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। शुक्रवार को भले ही अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन भारी उमस और गर्म थपेड़ों के कारण लोगों को 47 डिग्री जैसी झुलसा देने वाली गर्मी का अहसास हुआ। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही धूप के तेवर तल्ख रहे। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और बाजारों में वीरानी छा गई।
विज्ञापन

इस तपती गर्मी का सीधा असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल में डायरिया, उल्टी-दस्त, पेट दर्द और तेज बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को धूप से बचने और खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।पिछले पांच दिनों से जिले का पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। अकबरपुर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, इस मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।
दोपहर 12 बजते ही शहर की मुख्य सड़कों पर सन्नाटा छा गया। बस स्टॉप, दुकानों के शेड और पेड़ों की छांव के नीचे राहगीर सुस्ताते और राहत तलाशते दिखे। इस जानलेवा गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और ठेला लगाने वालों को उठानी पड़ रही है, जिनके सामने इस चिलचिलाती धूप में भी पेट पालने के लिए काम करना मजबूरी है।
विज्ञापन

अभी राहत के आसार नहीं
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (अयोध्या) के मौसम विज्ञानी डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि इस समय दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक चल रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। उन्होंने अनुमान जताया कि अगले 24 घंटों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। तेज लू चलने, सामान्य गति से पश्चिमी-पूर्वी हवाएं जारी रहने और औसत तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। इसलिए अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।



अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़
जिला अस्पताल में डायरिया, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डायरिया के तीन, बुखार के पांच और पेटदर्द के तीन मरीज भर्ती किए गए। वहीं, ओपीडी में भी मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां कुल 843 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएन यादव ने बताया कि बीते 15 दिनों में गर्मी और लू के कारण होने वाली बीमारियों के मरीजों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना औसतन 15 से 20 मरीज ही पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन 35 से 40 तक पहुंच गई है।


जारी की एडवाइजरी

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने लोगों से अपील कि वे दोपहर 12 से शाम चार बजे के बीच घरों से बाहर निकलने से बचें। कहा, यदि निकलना भी पड़े, तो सिर को गमछे, छाते या टोपी से अच्छी तरह ढककर ही निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। थोड़ी-थोड़ी देर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। ओआरएस के घोल के साथ-साथ घर की बनी लस्सी, मट्ठा, आम पन्ना और नींबू पानी का सेवन करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें