एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लिया जायजा, 35 करोड़ रुपये से होगा चौड़ीकरण
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कानपुर रोड से अनंतनगर योजना को जाने वाली सड़क चौड़ी की जाएगी। इस पर 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, आरसीसी ड्रेन एवं ट्रेंच का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त योजना के सेक्टर-छह में 220 केवीए क्षमता का विद्युत सब स्टेशन भी बनेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को योजना का निरीक्षण कर विकास कार्यों के बाबत दिशानिर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि नादरगंज यूपीसीडा क्षेत्र में आता है। यहां औद्योगिक इकाइयां होने की वजह से भारी वाहनों का लोड रहता है। इससे सड़कों पर गड्ढ़े हो जाते हैं। बारिश में दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसे देखते हुए आरसीसी रोड का निर्माण करावाया जाएगा। इसी क्रम में कानपुर रोड से नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया के अंतर्गत 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।
मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अर्जन व अभियंत्रण सम्बंधी कार्यों की समीक्षा की। सेक्टर-चार, पांच चौड़ी सड़क, सीवर लाइन व ड्रेन के निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक पाया गया।