लखनऊ। राजधानी से प्रयागराज, बरेली, अजमेर आदि शहरों के लिए किफायती उड़ानें दोबारा शुरू होंगी। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (उड़ान) के तहत संचालित होने वाली फ्लाइटों का किराया ढाई हजार रुपये के करीब होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम लोगों की सुविधा के लिए उड़ान स्कीम का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य सस्ती उड़ानें उपलब्ध कराना था। कई रूटों पर विमान सेवाएं शुरू की गईं। इनमें एटीआर श्रेणी का 80 सीटर विमान इस्तेमाल हो रहा था, लेकिन विमानन कंपनियों ने धीरे-धीरे सस्ती सेवाओं को बंद कर दिया। अब प्रदेश सरकार ने इसके लिए बजट में प्रावधान किया है। इससे रनवे निर्माण सहित उड़ान स्कीम के काम कराए जाएंगे। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि लखनऊ से एक बार फिर सस्ती उड़ानों का सफर जल्द शुरू होगा।