लखनऊ। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट मिला है। यह रकम प्रेरणा स्थल के कॉर्पस फंड के लिए है। इसमें एलडीए की ओर से भी 25 करोड़ रुपये दे दिए जाएंगे। कुल 75 करोड़ रुपये से मिलने वाली ब्याज की रकम से स्थल के रखरखाव पर खर्च होगा।
अधिकारियों का कहना है कि टिकट से होने वाली आय और कॉर्पस फंड के ब्याज की रकम से ही पार्क का रखरखाव होगा। राष्ट्र प्रेरणा स्थल का प्रवेश शुल्क 15 रुपये है। यहां के म्यूजियम का प्रवेश शुल्क 50 रुपये है। इनके टिकट की आय के अलावा 75 करोड़ रुपये के फंड को बैंक में जमा किया जाएगा। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल के संचालन के लिए शासन स्तर पर कमेटी बनाई गई है। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग इसके अध्यक्ष हैं। एलडीए उपाध्यक्ष सदस्य सचिव, प्रमुख सचिव वित्त, प्रमुख सचिव नगर विकास, प्रमुख सचिव पर्यटन, प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, मंडलायुक्त समिति में सदस्य हैं।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजन के लिए बुकिंग शुरू
अधिकरियों ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क की तरह राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सामाजिक, धार्मिक और वैवाहिक आयोजन के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है। एक दिन का किराया 2.50 लाख रुपये है। इस पर जीएसटी अतिरिक्त होगा। नौ से 18 मार्च के लिए यह धीरेंद्र शास्त्री की कथा के लिए बुक है।