मोहनलालगंज। एक निजी अस्पताल में लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि डॉक्टरों ने हादसे में जख्मी एक मरीज का पैर तीन बार काटा और इलाज के नाम पर दो लाख रुपये भी वसूल लिए। हालत बिगड़ने पर मरीज को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया। पीड़ित के भाई ने अस्पताल और डॉक्टरों पर लापरवाही व अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है।
नगराम के गढ़ी गांव निवासी सुंदरलाल ने बताया कि उनका भाई रामफेर (40) मजदूरी करता है। 21 जून को वह बाइक से मोहनलालगंज जा रहा था, तभी सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराकर घायल हो गया। उसे मोहनलालगंज के मानस अस्पताल में भर्ती कराया गया।सुंदरलाल के मुताबिक, डॉक्टरों ने पहले बायां पैर और हाथ टूटने की बात कहकर डेढ़ लाख रुपये इलाज के नाम पर लिए। इस दौरान उनका बायां पैर काट दिया गया। ,
कटे हुए पैर से खून नहीं रुका तो दोबारा ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपये और ले लिए गए। इस दौरान पैर का कुछ हिस्सा दोबारा काटा गया। इसके बावजूद पैर में संक्रमण फैलता गया। जब स्थिति और बिगड़ गई तो अस्पताल प्रशासन ने मरीज को बाहर निकाल दिया। परिजनों ने उसे दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां संक्रमण फैलने पर डॉक्टरों को तीसरी बार जांघ से पैर काटना पड़ा। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीएमओ को पत्र भेजा गया है।