लखनऊ। केजीएमयू के लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग में भर्ती की आस में गोंडा का मरीज तीसरे दिन भी पड़ा रहा। उधर, केजीएमयू प्रशासन का कहना है कि अन्य अस्पताल से सर्जरी कराने के बाद उसे संक्रमण हुआ है। इसकी दवाएं लिख दी गईं हैं। अब मरीज को ओपीडी में बुलाया गया है, लेकिन वह भर्ती का दबाव बना रहा है।
हरियाणा में ओपन हार्ट सर्जरी कराने के बाद गोंडा निवासी मरीज केजीएमयू में दिखाने आया। केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के मुताबिक मरीज के टांकों में संक्रमण हो गया था। उसे दिल संबंधी कोई समस्या नहीं थी, इसलिए दवाएं लिखकर ओपीडी में आने को कहा गया। हालांकि, मरीज और उसके घरवाले दोबारा नहीं आना चाहते और भर्ती करने का दबाव बना रहे हैं।
भर्ती के लिए बनी रहती है परेशानी
केजीएमयू को भारी-भरकम बजट मिलने के बावजूद लारी कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती होने के लिए हमेशा जद्दोजहद रहती है। ओपीडी में दिखाने के लिए भी मारामारी रहती है। सीमित मरीज देखे जाने से यहां सुबह चार बजे से कतार लग जाती है। केजीएमयू प्रशासन के मुताबिक नए भवन का शुभारंभ होने के बाद अगले महीने से इसमें कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।