मरीज बजाता रहा घंटी, डॉक्टर करते रहे ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन।
लखनऊ। मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन करना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में मरीज को होश में रखकर सर्जरी करना और भी जटिल है। राजधानी के एक निजी अस्पताल में बुधवार को डॉक्टरों की टीम ने मऊ निवासी 23 वर्षीय अविनाश सिंह के ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया। खास बात यह रही कि सर्जरी के दौरान मरीज घंटी बजाता रहा और डॉक्टर ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन करते रहे।
होश में रखकर की गई सर्जरी
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी के नेतृत्व में हुई सर्जरी के दौरान मरीज की गतिविधियों और न्यूरोलॉजिकल स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। इसका उद्देश्य मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर निकालना था। डॉक्टरों की टीम ने पूरी सतर्कता के साथ जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। ऑपरेशन टीम में न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी, एनेस्थेटिस्ट डॉ. आलोक सिंह और ओटी टेक्नीशियन प्रमोद सिंह, जतिन व रुचि कश्यप शामिल रहे। सर्जरी में अस्पताल के निदेशक डॉ. हरेंद्र यादव, सीईओ डॉ. विवेक कुमार गुप्ता और डॉ. स्वाति यादव का भी सहयोग रहा।
निशुल्क हुई सर्जरी
अविनाश का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क किया गया। इससे पहले एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के लिए करीब 10 लाख रुपये का खर्च बताया गया था। आयुष्मान योजना के तहत इलाज मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली।
मरीज बजाता रहा घंटी, डॉक्टर करते रहे ब्रेन ट्यूमर का ऑपरेशन।