लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की रोजगार की राह अब आसान होगी। विश्वविद्यालय और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत सीएम युवा मिशन के बीच सोमवार को एमओयू हुआ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए समझौते के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान मौजूद रहे। भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि छात्र-छात्राओं व युवाओं को उद्यमिता जागरूकता, विचार गठन, इनक्यूबेशन, व्यवसाय नियोजन, और बाजार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण व सहयोग दिलाया जाएगा। सरकार व विश्वविद्यालय मिलकर तकनीकी, वित्तीय प्रबंधन, एमएसएमई नीतियों और स्टार्टअप्स के लिए तैयारी करेंगे। एमओयू पर विवि के कुलसचिव डॉ. महेश कुमार व सीएम युवा मिशन के निदेशक के विजयेंद्र ने हस्ताक्षर किए।
विद्यार्थियों को होगा यह फायदा
सीएम युवा मिशन के मार्गदर्शन में चयनित विद्यार्थियों को वित्तीय सहायता, अनुदान और अलग-अलग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इससे विद्यार्थी आत्मनिर्भर बन सकेंगे। वे रोजगार भी आसानी से हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय अपने इनक्यूबेशन नवाचार केंद्रों सहित अन्य संसाधनों को कार्यक्रम की गतिविधियों को अवगत कराएगा। इससे युवाओं को भी नवाचार करने का मौका मिलेगा और उनमें आत्मनिर्भरता आएगी।