लखनऊ। यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए 1090 और समतामूलक चौराहे पर बोरियां लगाकर शुरू किया गया ट्रायल फेल हो गया, क्योंकि इसकी वजह से जाम की स्थिति बन गई। वहीं, वीआईपी मूवमेंट के दौरान दिक्कत आने की भी आशंका थी। इसलिए यातायात पुलिस ने सोमवार को ट्रायल खत्म कर बोरियां हटवा दी हैं। अब ट्रैफिक सुधार के लिए दूसरी वैकल्पिक व्यवस्था पर मंथन किया जा रहा है।
दरअसल, एलडीए की सलाह पर यातायात पुलिस ने दोनों चौराहें पर बोरियां लगाकर डिवाइडर (नोज प्वाइंट) को बढ़ा दिया था, जिससे लोग वाहनों को राॅन्ग साइड न मोड़ें। साथ ही ट्रैफिक में और सुधार आए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एडीसीपी ट्रैफिक समेत अन्य अधिकारियों ने सोमवार दोपहर और शाम को करीब पांच घंटे तक इन चौराहों की निगरानी की, जिसमें पाया कि बदलाव की वजह से जाम लग रहा है। ट्रैफिक धीमा हो रहा है। इसलिए मंगलवार सुबह ही सभी बोरियां हटाकर पहले जैसी व्यवस्था बहाल कर दी गई। एडीसीपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह का कहना कि रॉन्ग साइड ट्रैफिक को बैरिकेडिंग आदि लगाकर नियंत्रित किया जाएगा। बाकी अन्य व्यवस्था पहले वाली ही रहेगी।