लखनऊ। बाइक व साइकिल की मामूली टक्कर पर हुए विवाद में श्रमिक संतराम की ईंट से सिर कूचकर हत्या की गई थी। 24 घंटे में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों कटरा बक्कास निवासी सुशील और बुद्धूखेड़ा गांव निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। सुशील और दीपक रिश्तेदार हैं।
एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि करीब 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर घटना के वक्त एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखे थे। बाइक के नंबर को ट्रेस किया गया तो बाइक दीपक की निकली। जांच में पता चला कि दीपक के साथ उसका रिश्तेदार सुशील भी था। बाइक सवार संदिग्धों की पहचान होने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने दीपक व सुशील को बुद्धूखेड़ा से गिरफ्तार किया। पहले दोनों ने गुमराह करने का प्रयास किया, पर बाद में आरोपी पुलिस के सवालों के आगे टूट गए। दोनों ने संतराम की हत्या करने की बात कबूली। घटना में इस्तेमाल की गई दीपक की बाइक भी बरामद की गई है। एडीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपी पेशे से मजदूर हैं। उन्होंने 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
आरोपी और संतराम परिचित थे
एडीसीपी ने बताया कि छानबीन के दौरान पता चला है कि आरोपी सुशील व संतराम एक दूसरे के पहले से परिचित थे। करीब ढाई साल पहले संतराम ने सुशील से 70 हजार रुपये उधार लिए थे। दोनों के बीच रुपये का विवाद चल रहा था। दो फरवरी की रात सुशील व दीपक की बाइक साइकिल सवार संतराम से टकरा गई थी। इस पर संतराम ने दोनों के साथ गाली-गलौज की थी। इससे नाराज होकर सुशील व दीपक ने मिलकर पास में पड़ी ईंट उठाकर संतराम का सिर कूचकर हत्या कर दी।