लखनऊ। खदरा स्थित केडी अस्पताल और इंदिरानगर के जन कल्याण नेत्र अस्पताल के संचालक बयान दर्ज कराने के लिए मंगलवार को सीएमओ ऑफिस नहीं पहुंचे। अफसरों का कहना है कि दूसरा नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद भी संचालक नहीं आए तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की संस्तुति होगी। साथ ही दोनों अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
विज्ञापन
केडी अस्पताल में सर्जरी से पहले लखीमपुर खीरी की पूनम मौर्य (32) की मौत हो गई थी। परिवारीजनों ने अस्पताल संचालकों व डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की थी। इसके 10 दिन बाद सीएमओ की टीम सोमवार को अस्पताल पहुंची थी तो वहां ताला लगा था। अस्पताल का बोर्ड तक गायब था। टीम ने अस्पताल संचालक रवि श्रीवास्तव को व्हाट्सएप पर नोटिस भेजकर तलब किया था। इसके बावजूद वह मंगलवार को सीएमओ ऑफिस नहीं पहुंचा।
उधर, जन कल्याण नेत्र हॉस्पिटल में आंख की सर्जरी के दौरान अमन मिश्रा (10) की मौत हो गई थी। इसकी जांच कर रही कमेटी ने अस्पताल प्रबंधन को इलाज से जुड़े दस्तावेजों के साथ बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। हालांकि, अस्पताल से कोई प्रतिनिधि नहीं आया।