लखनऊ। साइबर जालसाज ठगी के लिए तमाम पैंतरे अपना रहे हैं। ऐसे ही एक शातिर ने खुद को पहलगाम थाने का इंस्पेक्टर बताकर महानगर स्थित पीएसी मुख्यालय में तैनात दरोगा अतराज को डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की। हालांकि, वह अपनी सूझबूझ से बच गए।
अतराज ने बताया कि 28 अगस्त को अनजान नंबर से कॉल करने वाले ने खुद को जम्मू के पहलगाम पुलिस स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर रणजीत कुमार बताते हुए अर्दब में लेने की कोशिश की। उसने दरोगा से खातों का ब्योरा भेजने के लिए कहा। इसके बाद वह लगातार रुपयों की मांग करता रहा। अतराज ठग की करतूत को समझ गए और उसे फटकार लगाई।
उन्होंने महानगर थाने में उन्हें धमकाने का केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर महानगर ने बताया कि सर्विलांस की मदद से ठग का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ऐसे बचें डिजिटल अरेस्ट से
अनजान नंबर से कॉल आए तो सावधान हो जाएं। फोन करने वाला यह कहता है कि आपके नाम से पार्सल बुक है। कस्टम विभाग ने पकड़ा है। केस दर्ज कर कर कार्रवाई की जा रही है तो सतर्क हो जाएं और तत्काल पुलिस से शिकायत करें।
यहां करें शिकायत
आप ठगी का शिकार होते हैं तो साइबर क्राइम थाने, साइबर सेल, लोकल पुलिस स्टेशन, टोल फ्री नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट के जरिये शिकायत दर्ज करा सकते हैं।