लखनऊ। गोमतीनगर के ग्वारी स्थित डॉ. प्रेक्षा यादव की डेंटल क्लीनिक के कर्मचारियों पर तीन बच्चों को बंधक बनाकर पानी की टंकी साफ कराने का आरोप लगा है। यह भी आरोप है कि शिकायत के सात दिन बाद गोमतीनगर पुलिस ने दो महिला व एक पुरुष कर्मचारी के खिलाफ बंधक बनाने व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
विकास खंड-5 स्थित ग्वारी निवासी सतीश कुमार गौतम के मुताबिक 22 अगस्त की दोपहर उनके भतीजे दिव्यांश (12), आदित्य (10) और प्रिंस (08) घर के बाहर खेल रहे थे। आरोप है कि क्लीनिक की दो महिला व एक पुरुष कर्मचारी ने तीनों को पतंग देने के बहाने बुलाया। इसके बाद बंधक बनाकर छत पर लगी पानी की टंकी साफ करने का दबाव बनाने लगे। बच्चों के विरोध के बावजूद आरोपियों ने जबरन उन्हें टंकी में उतार दिया।
तीन घंटे तक कराया काम
बच्चों का आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि टंकी साफ नहीं की तो तीनों को मारकर फेंक दिया जाएगा। इसके डर से तीनों ने तीन घंटे तक टंकी साफ की। उधर, शाम तक बच्चों के घर न लौटने पर खोजबीन शुरू हुई। इस बीच क्लीनिक से रोते हुए निकले बच्चों ने आपबीती बताई। सतीश का आरोप है कि वह शिकायत लेकर क्लीनिक पहुंचे तो उनके साथ हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक केस दर्ज कर जांच की जा रही है।